
संपादक – शैलेश श्रीवास्तव
बभनान (बस्ती)। क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष राधेश्याम कमलापुरी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं पूर्व सांसद बस्ती व असम प्रदेश प्रभारी हरीश द्विवेदी को पत्र भेजकर बभनान रेलवे स्टेशन के विकास की मांग उठाई है। उन्होंने पत्र में बभनान रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव के साथ-साथ रेलवे गेट संख्या 223 पर ओवरब्रिज निर्माण को अत्यंत आवश्यक बताया है कमलापुरी ने कहा कि बभनान क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है, लेकिन रेलवे सुविधाओं के अभाव में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रेलवे गेट संख्या 223 पर अक्सर लगने वाले जाम से आमजन, व्यापारियों और विद्यार्थियों को काफी परेशानी होती है। ऐसे में यहां ओवरब्रिज का निर्माण कराए जाने से जाम की समस्या से निजात मिलेगी और आवागमन सुगम होगा उन्होंने अपने पत्र में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की भी मांग की है। इनमें अवध-असम एक्सप्रेस (15909/15910), आम्रपाली कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस (15707/15708), कामाख्या-गोमतीनगर एक्सप्रेस (15077/15078), दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस (15211/15212) तथा लखनऊ-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस (15033/15034) शामिल हैं। उनका कहना है कि इन ट्रेनों के ठहराव से स्थानीय यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बड़ी राहत मिलेगी इसके अलावा कमलापुरी ने रेलवे गेट संख्या 223 से जुड़े मार्गों के सुधार के लिए तीन प्रमुख सुझाव भी दिए हैं। उन्होंने सुगर मिल से फूलपुर, सिसई रानीपुर, हरखूपुर होते हुए गौरा चौकी तक मार्ग को जोड़ने की मांग की, जिससे बभनान मार्ग मजबूत होगा। वहीं बभनी-बभनान सुगर मिल से महिला डिग्री कॉलेज होते हुए बेलहरी संपर्क मार्ग को जोड़ने का प्रस्ताव रखा, जिससे इस मार्ग की स्थिति में सुधार होगा। साथ ही केमिकल डिवीजन बभनान को जमुनहा-गौरा चौकी मार्ग से जोड़ने की मांग की, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में आवागमन सुगम हो सके कमलापुरी ने कहा कि यदि इन मांगों को पूरा किया जाता है तो क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय जनता को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी।
