
संपादक – शैलेश श्रीवास्तव
बस्ती – साइबर क्राइम थाना बस्ती की टीम ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए गांव-गांव घूमकर पुराने मोबाइल फोन खरीदने और उन्हें साइबर अपराध में इस्तेमाल करने वाले गैंग के सरगना समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, मदरबोर्ड, उपकरण और नगदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने हड़िया चौराहे से मेहदावल रोड पर लगभग 2 किलोमीटर आगे भरवलिया शिव मंदिर के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में श्यामपाल कश्यप (निवासी बरेली), मिराजुल रहमान शेख और अतीकुर रहमान (दोनों निवासी मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल) शामिल हैं।
बरामदगी में शामिल हैं—
156 एंड्रायड मोबाइल फोन व 180 कीपैड मोबाइल
285 फोन मदरबोर्ड
एक डीसी मशीन व एक पावर बूट केबल
₹21,200 नकद
अपराध का तरीका
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि सरकार द्वारा साइबर अपराध में प्रयुक्त मोबाइल के IMEI नंबर ब्लॉक किए जाने के कारण उन्हें नए मोबाइल की जरूरत पड़ती थी। इसके लिए वे देशभर के गांवों में घूम-घूमकर पुराने मोबाइल खरीदते थे और उन्हें कोलकाता के दुकानदारों को बेच देते थे। वहीं से ये मोबाइल साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे, जो मदरबोर्ड में मौजूद IMEI का इस्तेमाल कर धोखाधड़ी जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे।
कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर साइबर क्राइम थाना बस्ती में मु०अ०सं०-08/2026 के तहत धारा 317(2), 317(5), 61(2), 3(5) बीएनएस एवं 66B आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कुलदीप कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में उ0नि0 रामफल चौरसिया सहित हेड कांस्टेबल ऋषिवेद तिवारी, अंगद मौर्या, पवन कुमार यादव तथा कांस्टेबल अमित कुमार झा और ईशांत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
