संपादक- शैलेश श्रीवास्तव
बस्ती – जनपद में आवश्यक सेवाओं की सुचारु व्यवस्था एवं उपभोक्ताओं को पारदर्शी सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज कमिश्नर बस्ती मंडल अखिलेश सिंह एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी द्वारा रत्नाकर गैस एजेंसी दक्षिण दरवाजा बस्ती का आकस्मिक निरीक्षण किया गया निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस एजेंसी पर चल रही वितरण व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया। डीआईजी बस्ती ने मौके पर मौजूद पुलिस बल की ड्यूटी की स्थिति का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने गैस लेने आए उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं एवं किसी प्रकार की समस्या के बारे में जानकारी प्राप्त की कमिश्नर अखिलेश सिंह ने एजेंसी संचालक को सख्त निर्देश दिए कि गैस सिलेंडरों का वितरण पूरी तरह से शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता कालाबाजारी या उपभोक्ताओं के साथ भेदभाव बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं को समय से गैस उपलब्ध कराना एजेंसी की प्राथमिक जिम्मेदारी है डीआईजी संजीव त्यागी ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देशित किया कि गैस एजेंसी परिसर में भीड़ नियंत्रण सुरक्षा मानकों का पालन एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क एवं जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और यदि कहीं भी शिकायत मिलती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस आकस्मिक निरीक्षण से एजेंसी संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली तथा व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए गए।
