संपादक – शैलेश श्रीवास्तव
बस्ती – थाना वाल्टरगंज पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्यवाही में एक महिला की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर दुर्घटना का रूप देने वाले अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
यह मामला दिनांक 06 मार्च 2026 को गोविंद नगर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सामने आया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई, जिसमें मृतका की पहचान उसके पति द्वारा की गई। प्रारंभिक कार्यवाही के बाद मामले की जांच जारी थी।
दिनांक 21 मार्च 2026 को मृतका के पति की तहरीर पर थाना वाल्टरगंज में मु0अ0सं0-60/2026 धारा 103(1), 238(क) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के अनावरण के लिए उच्च अधिकारियों के निर्देशन में थाना पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान त्रिनेत्र अभियान के अंतर्गत लगे सीसीटीवी कैमरों, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों एवं अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने घटना का सफल खुलासा करते हुए अभियुक्त अभिषेक श्रीवास्तव (उम्र करीब 30 वर्ष), निवासी पिकौरा थाना गौर जनपद बस्ती को 22 मार्च 2026 को अटरा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी:
मृतका का ओप्पो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (UP51-BM9779)
अभियुक्त के दो मोबाइल फोन
₹650 नगद
घटना का खुलासा (पूछताछ में):
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि वह मृतका के घर से घनिष्ठ रूप से जुड़ा हुआ था और आर्थिक लेन-देन भी करता था। वर्ष 2025 में उसने मृतका की जमीन करीब 19.50 लाख रुपये में लिखवाई थी, जिसमें से 16 लाख रुपये बाकी थे। पैसे के लगातार दबाव के चलते उसने साजिश रचकर 5 मार्च 2026 की शाम को मृतका को बहाने से बुलाया और गोविंद नगर रेलवे स्टेशन के पास ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को रेलवे ट्रैक पर रखकर घटना को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:
इस पूरे मामले के सफल अनावरण में थाना वाल्टरगंज पुलिस, स्वाट टीम एवं सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
