देसी शराब दुकान चोरी का खुलासा 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, 135 पैकेट ‘बंटी बबली’ शराब बरामद

संपादक – शैलेश श्रीवास्तव

बस्ती। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने देशी शराब की दुकान में हुई चोरी का सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब भी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में थानाध्यक्ष गौर अतुल कुमार अंजान के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना गौर पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 08/2026, धारा 331(4), 305A, 317(2) बीएनएस व 60 आबकारी अधिनियम से संबंधित मामले का खुलासा किया।
गौर पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त राजकुमार पुत्र दुखहरन, निवासी डेंगरहा टोला डढ़वा, थाना गौर जनपद बस्ती (उम्र करीब 48 वर्ष) को दिनांक 29 मार्च 2026 को रात्रि 11:30 बजे संथुवा रेलवे क्रॉसिंग अंडरपास के दक्षिण दिशा से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से तीन पेटी अवैध देशी शराब (कुल 135 टेट्रा पैक ‘बंटी बबली’) तथा घटना में प्रयुक्त एक साइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने देशी शराब की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था, जिसकी जांच के दौरान उसके खिलाफ पुख्ता साक्ष्य मिले। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
गौरतलब है कि गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इसके खिलाफ पूर्व में थाना गौर में मु0अ0सं0 132/2023 धारा 41, 411 आईपीसी तथा थाना छपिया जनपद गोंडा में मु0अ0सं0 0294/2025 धारा 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अतुल कुमार अंजान के साथ चौकी प्रभारी बभनान उपनिरीक्षक अजय नाथ कनौजिया, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार यादव एवं हेड कांस्टेबल संदीप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस तत्परता और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है, वहीं आम जनता में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!