रात की चेकिंग में बड़ी कामयाबी 980 ग्राम गांजा व बिना नंबर बुलेट संग युवक गिरफ्तार

संपादक – शैलेश श्रीवास्तव

बस्ती। जनपद में अपराध और नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हर्रैया पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक युवक को अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार कर लिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 31 मार्च 2026 की रात थाना हर्रैया पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुर्दहवा पुल के पास करीब 01:30 बजे पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 980 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। साथ ही उसके कब्जे से एक बिना नंबर प्लेट की बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नितेश साहू उर्फ रोहित साहू (उम्र लगभग 22 वर्ष) पुत्र मनोज साहू निवासी ग्राम मिर्जापुर थाना हर्रैया जनपद बस्ती के रूप में हुई है, जो वर्तमान में कस्बा हर्रैया में रह रहा था। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना हर्रैया में मु0अ0सं0 78/2026 धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में मारपीट, लूट, धमकी सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उसके विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। ऐसे में पुलिस इस गिरफ्तारी को बड़ी उपलब्धि मान रही है।
इस पूरी कार्रवाई को थाना हर्रैया के प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उप निरीक्षक रुदल बहादुर सिंह के साथ हेड कांस्टेबल वरुण रॉय, सौरभ त्रिपाठी तथा कांस्टेबल पंकज यादव, आनंद सिंह और रोशन शुक्ला शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!