
संपादक – शैलेश श्रीवास्तव
बस्ती – पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र द्वारा पुलिस अधीक्षक बस्ती की उपस्थिति में पुलिस लाइन बस्ती में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के 37 ग्राम चौकीदारों (ग्राम प्रहरियों) को साइकिल वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाना तथा ग्राम प्रहरियों की कार्यक्षमता को बढ़ाना है कार्यक्रम के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक ने ग्राम चौकीदारों को संबोधित करते हुए उनके दायित्वों की महत्ता पर प्रकाश डाला उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरियों की भूमिका गांवों की सुरक्षा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे पुलिस और ग्रामीणों के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। अपराध से संबंधित सूचनाओं को समय पर पुलिस तक पहुंचाना, गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखना और संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क नजर रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है उन्होंने आगे कहा कि साइकिल वितरण से ग्राम चौकीदारों को अपने क्षेत्र में गश्त करने, त्वरित आवागमन और निगरानी में काफी सुविधा मिलेगी इससे वे अधिक प्रभावी ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा का स्तर और बेहतर होगा इस अवसर पर ग्राम प्रहरियों को निर्देशित किया गया कि वे संबंधित थाना प्रभारी एवं बीट पुलिस अधिकारियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें। गांव में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। विशेष रूप से रात्रि गश्त को प्राथमिकता देने तथा ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया साथ ही, शासन द्वारा संचालित “मिशन शक्ति” अभियान के प्रचार-प्रसार में भी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा मिल सके। अधिकारियों ने ग्राम प्रहरियों से अपेक्षा की कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और सजगता के साथ करें तथा पुलिस के साथ मिलकर अपराध मुक्त समाज के निर्माण में योगदान दें इस कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन, क्षेत्राधिकारी कलवारी, प्रतिसार निरीक्षक बस्ती सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। यह पहल ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने की ओर एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।
