
संपादक – शैलेश श्रीवास्तव
लखनऊ – बाल निकुंज इंटर कॉलेज (बॉयज विंग), मोहिबुल्लापुर, सीतापुर रोड स्थित शिवसहाय जी सभागार में रविवार (5 अप्रैल 2026) को प्रातः 10 बजे भव्य मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राइमरी, जूनियर एवं सीनियर कक्षाओं के वार्षिक परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 330 टॉप-10 मेधावियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद सरस्वती वंदना एवं विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योग व सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
टॉपर्स ने बढ़ाया विद्यालय का मान
प्राइमरी वर्ग में कक्षा 3ए के रुद्राक्ष वर्मा ने 99.05% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा 3सी के शोभित यादव (98.69%) दूसरे एवं कक्षा 1ए के आदविक (98.65%) तीसरे स्थान पर रहे जूनियर वर्ग में कक्षा 6बी के वैभव मिश्रा ने 98.26% अंक के साथ टॉप किया। कक्षा 7बी के अथर्व मौर्या (96.90%) दूसरे और कक्षा 6ए के अमान रजा (95.76%) तीसरे स्थान पर रहे सीनियर वर्ग में कक्षा 9बी के हर्षवर्धन सिंह ने 97.20% अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी कक्षा के ऋषभ वर्मा (96.72%) दूसरे और कक्षा 9ए के उमंग चौरसिया (96.45%) तीसरे स्थान पर रहे।
शील्ड, प्रमाणपत्र और पुरस्कार से सम्मानित
प्रबंध निदेशक एच.एन. जायसवाल ने सभी मेधावियों को उनकी रैंक के अनुसार शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।
सफलता का मंत्र: हेल्दी बॉडी, हेल्दी माइंड
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। नियमित दिनचर्या, सही खान-पान और निरंतर अभ्यास से ही सफलता प्राप्त होती है। ओवर कॉन्फिडेंस से बचें और पूरे मन से अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहें।”
उन्होंने छात्रों को वृक्ष की जड़ों की तरह मजबूत बनने की प्रेरणा देते हुए माता-पिता एवं शिक्षकों के योगदान की भी सराहना की।
बड़ी संख्या में अभिभावक रहे उपस्थित
इस अवसर पर उपप्रधानाचार्या अनीता मौर्या, इंचार्ज वीरेंद्र कुमार एवं रीना पांडेय, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने न केवल विद्यार्थियों की मेहनत को सम्मानित किया, बल्कि उन्हें आगे और बेहतर करने की प्रेरणा भी दी।
