
संपादक – शैलेश श्रीवास्तव
गाजीपुर – गोरखपुर वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दर्शनार्थियों से भरी टूरिस्ट बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई यह हादसा नंदगंज थाना क्षेत्र के ग्राम नैसारा के पास सुबह करीब 11:30 बजे हुआ, जब वाराणसी जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई प्राप्त जानकारी के अनुसार बस (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 65 QT 7176) में करीब 48 यात्री सवार थे, जो सभी महाराष्ट्र राज्य के निवासी बताए जा रहे हैं और दर्शन के लिए वाराणसी जा रहे थे। अचानक बस के अनियंत्रित होने से यह बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 2 महिला यात्रियों की मौके पर ही दुखद मृत्यु हो गई इस दुर्घटना में कुल 35 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से 32 लोगों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल गाजीपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक गाजीपुर स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना अधिकारियों ने चिकित्सकों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज गति और वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण हादसा हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है।
