
संपादक – शैलेश श्रीवास्तव
बस्ती – जनपद बस्ती के थाना कोतवाली पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पांच खाली गैस सिलेंडर एवं घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस टीम 16 अप्रैल को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पचपेड़िया रोड स्थित पटेल चौराहे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हर्दिया चौराहे से वाल्टरगंज जाने वाले मार्ग पर नाले के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कृष्ण मोहन शुक्ला निवासी हर्दिया बेलाड़ी एवं कृष्ण मोहन सिंह निवासी संसारपुर, थाना वाल्टरगंज के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से पांच खाली गैस सिलेंडर तथा एक हीरो पैशन मोटरसाइकिल (संख्या UP51-AE9141) बरामद की गई।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने विभिन्न स्थानों से गैस एजेंसियों एवं रोडवेज क्षेत्र से सिलेंडर चोरी किए थे। चोरी के बाद वे सिलेंडरों को सुनसान स्थान पर झाड़ियों में छिपाकर रखते थे और बाद में उन्हें बेचने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले से दर्ज मुकदमा संख्या 167/2026 धारा 303(2) बीएनएस में गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली मोतीचंद, उपनिरीक्षक अनस अख्तर, राम अशोक यादव सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास बढ़ा है।
