
संपादक – शैलेश श्रीवास्तव
बस्ती – उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस लाइन बस्ती स्थित वशिष्ठ सभागार में महिला संबंधित मुद्दों पर एक प्रभावी कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह ने की।
कॉन्फ्रेंस में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी, महिला थाना प्रभारी डॉ. शालिनी सिंह, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन की प्रभारी निरीक्षक मंजू सिंह, महिला महाविद्यालय बस्ती की प्रोफेसर डॉ. सुधा त्रिपाठी एवं डॉ. मोनी पांडेय, समाजसेविकाएं रजनी चौधरी, रीना श्रीवास्तव, संध्या दीक्षित तथा महिला उद्यमी कविता श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के समक्ष आने वाली दैनिक समस्याओं, चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। महिला महाविद्यालय की छात्राओं एवं विभिन्न संस्थानों में कार्यरत महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—1090 (वीमेन पावर लाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 102 एवं 108 (स्वास्थ्य सेवाएं) तथा 1930 (साइबर हेल्पलाइन)—के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
अंत में महिलाओं से अपील की गई कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार के अपराध के खिलाफ निर्भीक होकर आवाज उठाएं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास जगाना और उन्हें सशक्त बनाना रहा।
